भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ ने बहादुर नगदली को ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रानीखेत की कमान दी

उत्तराखंड भाजपा ने आगामी पंचायत गतिविधियों और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंचायत प्रकोष्ठ के 19 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक गोविन्द सिंह दानू ने संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, प्रभावी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से इन नियुक्तियों की घोषणा की।
यह नियुक्तियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट तथा पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी कौस्तुभानन्द जोशी और सचिन अग्रवाल के निर्देशन में की गई हैं।
घोषित जिम्मेदारियों के अनुसार महेन्द्र राणा को पौड़ी, कोटद्वार, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश और देहरादून महानगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राहुल शर्मा को देहरादून ग्रामीण, रुड़की, चमोली, नैनीताल और काशीपुर का प्रभारी बनाया गया है। जगमोहन रावत को उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार और अल्मोड़ा की जिम्मेदारी मिली है, जबकि बहादुर नगदली को ऊधमसिंह नगर, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रानीखेत संगठनात्मक जिलों का दायित्व सौंपा गया है।
प्रदेश संयोजक गोविन्द सिंह दानू ने सभी जिला प्रभारियों को 30 जुलाई तक मंडल स्तर पर संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्ति पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पंचायत प्रकोष्ठ का संगठन समयबद्ध तरीके से प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि अगस्त माह में राज्य की प्रत्येक विधानसभा, प्रत्येक जनपद तथा प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ चार स्तरीय पंचायत व्यवस्था के वार्ड सभा सदस्यों का भी विशाल जन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इन सम्मेलनों के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने, संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।
भाजपा का यह संगठनात्मक अभियान स्पष्ट संकेत देता है कि पार्टी पंचायत स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए गांव-गांव संगठन को मजबूत करने और जनप्रतिनिधियों के साथ व्यापक समन्वय स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर महेन्द्र राणा, राहुल शर्मा सहित पंचायत प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
